Durgapur में सीआईएसएफ इंटर सेक्टर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का आगाज

दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर में CISF के डीएसपी यूनिट की मेजबानी में सोमवार को इंटर सेक्टर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। दुर्गापुर स्टील टाउनशिप स्थित नेहरू स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों और सीआईएसएफ जवानों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में दुर्गापुर स्टील प्लांट की ईडी (एचआर) सुश्मिता रॉय, ईडी (वर्क्स) सौम्य टोकदार और सीआईएसएफ के डीएसपी यूनिट की डीआईजी रुचि आनंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। डीआईजी रुचि आनंद ने सभी अतिथियों को सम्मानित किया। 

26 से 29 अक्टूबर तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में सीआईएसएफ के विभिन्न सेक्टरों से 200 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 35 से अधिक महिला कर्मियों की भागीदारी भी उल्लेखनीय है। महिला कर्मियों की यह भागीदारी सीआईएसएफ में महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।



सीआईएसएफ यूनिट डीएसपी (दुर्गापुर) के लिए यह आयोजन विशेष महत्व रखता है। पहली बार यह यूनिट किसी खेल प्रतियोगिता में इंटर सेक्टर चैंपियनशिप की मेजबानी कर रही है। प्रतियोगिता के माध्यम से विभिन्न सेक्टरों और यूनिटों से आए जवानों को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ आपसी सौहार्द और टीम भावना को मजबूत करने का अवसर मिल रहा है। उद्घाटन के साथ ही प्रतियोगिता के मुकाबले भी शुरू हो गए। अलग-अलग कोर्ट पर एक साथ सिंगल और डबल वर्ग के मैच खेले गए। सिंगल ओपन वर्ग के शुरुआती मुकाबले में एपीएस-द्वितीय के वीएस आयुष ने एनसीआर के मल्लिकार्जुन को पराजित किया। वहीं डबल ओपन वर्ग में एपीएस-द्वितीय के राहुल कुमार और आर. गोगोई की जोड़ी ने एसएस के निहार आर. और मंजूनाथ काली की जोड़ी को हराकर जीत के साथ शुरुआत की।

इस अवसर पर सीआईएसएफ डीएसपी यूनिट की डीआईजी रुचि आनंद ने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीम वर्क और मानसिक मजबूती का भी विकास करता है। उन्होंने कहा कि सीआईएसएफ में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना प्राथमिकताओं में शामिल है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से जवानों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।

डीआईजी रुचि आनंद ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पहली बार इंटर सेक्टर चैंपियनशिप की मेजबानी का अवसर मिलना डीएसपी यूनिट के लिए गर्व की बात है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के प्रयासों की सराहना की।

Post a Comment

0 Comments