आसनसोल :- बुधवार की सुबह आसनसोल, दुर्गापुर और रानीगंज समेत पूरे क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। कोहरे की घनी चादर के कारण सुबह के समय सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा। लोगों को अपनी रोजमर्रा की गतिविधियों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घने कोहरे के कारण सड़क पर वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही। आसनसोल से दुर्गापुर और रानीगंज की ओर जाने वाले राजमार्गों पर विजिबिलिटी 10-20 मीटर तक सीमित हो गई, जिससे कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। वाहनों की हेडलाइट जलाकर लोग धीमी गति से सफर कर रहे थे। दुर्गापुर एक्सप्रेसवे और रानीगंज के आसपास के इलाकों में कई वाहन चालकों को अपने वाहन रोकने तक की नौबत आ गई।
पश्चिमी विक्षोभ के लगातार प्रभाव के कारण इस सप्ताह पश्चिम बंगाल में ठंड का अनुभव नहीं होगा। शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। साथ ही घने कोहरे की चादर भी छाई रहेगी। राज्य के उत्तरी कुछ जिलों में सप्ताहांत में हल्की बारिश की संभावना है।
इसके अलावा, बंगाल की खाड़ी से भी नमीयुक्त हवाएं राज्य में प्रवेश कर रही हैं। जिसके कारण अगले 24 घंटों में पूरे राज्य में घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। इसके अलावा उत्तर और दक्षिण बंगाल में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। बुधवार को उत्तर में कोचबिहार, दोनों दीनाजपुर और मालदा में घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कोचबिहार और उत्तर दीनाजपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिनों में इन जिलों में सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता 199 से 50 मीटर तक कम हो सकती है।
दक्षिण बंगाल भी कोहरे की चादर से ढका रहेगा! अलीपुर मौसम विभाग ने बुधवार को कोलकाता, हावड़ा, हुगली, दोनों 24 परगना, दोनों मेदिनीपुर, दोनों वर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया में घने कोहरे की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
0 Comments