Durgapur में BJP कार्यकर्ताओं ने किया कारखाने का गेट जाम, कर्मचारी की छंटनी पर राजनीतिक घमासान

दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर के बामुनारा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी कारखाने के मुख्य द्वार पर मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर तनाव पैदा कर दिया। भाजपा का आरोप है कि कारखाने के एक कर्मचारी, रवींद्रनाथ घोष को केवल उनकी राजनीतिक सक्रियता के कारण काम से निकाल दिया गया है। रवींद्रनाथ घोष दुर्गापुर पूर्व विधानसभा के बूथ संख्या 247 के भाजपा अध्यक्ष हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि निकाले गए कर्मचारी को तुरंत बहाल किया जाए। भाजपा प्रवक्ता सुमंत मंडल ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में भाजपा समर्थकों को न केवल काम से निकाला जा रहा है, बल्कि उन्हें जानलेवा हमलों का भी सामना करना पड़ रहा है।


दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के क्षेत्रीय संयोजक और कारखाना सूत्रों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि रवींद्रनाथ घोष एक ठेका श्रमिक (कैजुअल वर्कर) थे और वर्तमान में काम की कमी के कारण उन्हें बैठाया गया है। तृणमूल का दावा है कि कारखाने में एक पंजीकृत यूनियन है और सभी निर्णय नियमों के आधार पर लिए जाते हैं। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब तृणमूल समर्थकों और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस शुरू हो गई। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

Post a Comment

0 Comments