कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई प्रदेश कमेटी की घोषणा कर दी है। बुधवार को घोषित की गई इस नई टीम में पुराने अनुभवी चेहरों और नए ऊर्जावान नेताओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य के नेतृत्व वाली इस कमेटी में कुल 12 उपाध्यक्षों को जगह दी गई है, जिनमें पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक, विधायक अग्निमित्रा पॉल और मनोज तिग्गा जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। हाल ही में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए तापस राय को भी संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देते हुए उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि काफी समय से दरकिनार चल रहे राजू बनर्जी की भी कमेटी में वापसी हुई है।
संगठनात्मक ढांचे को मजबूती देने के लिए सांसद सौमित्र खान और ज्योतिर्मय सिंह महतो को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं विधायक शंकर घोष को सचिव पद पर नियुक्त किया गया है। प्रदेश कमेटी के साथ-साथ भाजपा ने अपने सात महत्वपूर्ण मोर्चों के अध्यक्षों के नामों का भी ऐलान कर दिया है। सांसद खगेन मुर्मू को एसटी मोर्चा की कमान सौंपी गई है, जबकि डॉ. इंद्रनील खान को युवा मोर्चा और फाल्गुनी पात्र को महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। अल्पसंख्यक समुदाय के बीच पैठ बढ़ाने के लिए अली हुसैन को अल्पसंख्यक मोर्चा का दायित्व दिया गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस नई टीम के जरिए भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी आक्रामक रणनीति साफ कर दी है।




0 Comments