कुल्टी :- कुल्टी विधानसभा के सीतारामपुर में आसनसोल नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा पार्षद चैताली तिवारी के नेतृत्व में आयोजित 'लिट्टी-चोखा' कार्यक्रम एक बड़े राजनीतिक मंच में बदल गया। इस अवसर पर पूर्व मेयर और भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी ने आगामी 2026 विधानसभा चुनाव के लिए हुंकार भरते हुए कुल्टी सीट से 1 लाख वोटों के अंतर से जीत हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जितेंद्र तिवारी ने अपने मेयर कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि उनके समय में कुल्टी की सबसे बड़ी जल संकट की समस्या को दूर करने के लिए रिजर्ववायर और पाइपलाइन का जाल बिछाया गया था। साथ ही, उन्होंने जन्म प्रमाणपत्रों में होने वाले फर्जीवाड़े को रोकने और निगम के राजस्व में पारदर्शिता लाने के प्रयासों का जिक्र किया। लछीपुर क्षेत्र में सुरक्षा दीवार के निर्माण और पार्किंग टेंडर के जरिए निगम की आय बढ़ाने के कार्यों को भी उन्होंने विकास के उदाहरण के तौर पर पेश किया।
भाजपा नेता बप्पा चटर्जी ने भी उनके कार्यकाल में लगाए गए इलेक्ट्रिक शवदाह गृहों का उल्लेख करते हुए कहा कि कोविड काल में ये सुविधाएं वरदान साबित हुई थीं। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान प्रशासन के समय विकास कार्य ठप पड़ गए हैं, इसलिए विकास की गति वापस लाने के लिए भाजपा ही एकमात्र विकल्प है।

0 Comments