कुल्टी में ACB का बड़ा एक्शन: रामपुर MVI चेकपोस्ट का कथित किंगपिन पांचू मंडल गिरफ्तार, कई ठिकानों पर छापेमारी

आसनसोल/कुल्टी: पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल शिल्पांचल के रामपुर MVI चेकपोस्ट से जुड़े कथित मुख्य दलाल पांचू मंडल को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर कुल्टी थाना क्षेत्र में एसीबी की टीम ने पांचू मंडल को एक मालवाहक वाहन के चालक से गाड़ी पास कराने के नाम पर पैसे वसूलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी ने आरोपी के घर समेत कई अन्य ठिकानों पर छापेमारी की और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।

फिलहाल पांचू मंडल से पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारियों को संदेह है कि चेकपोस्ट पर वाहन पास कराने के नाम पर अवैध वसूली का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय था, जिसमें कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। एसीबी अब इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान करने और उनकी भूमिका की जांच में जुटी है। दरअसल, कुछ महीने पहले रामपुर MVI चेकपोस्ट पर रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए थे। आरोप था कि एक मालवाहक ट्रक को अवैध रूप से रोककर चालक से रिश्वत मांगी गई थी। यहां तक कि राज्य सरकार के समाप्त हो चुके एक टैक्स के नाम पर 22 हजार रुपये की मांग किए जाने का भी आरोप लगा था। मामला सामने आने के बाद परिवहन विभाग ने दो अधिकारियों को निलंबित किया था और जांच एंटी-करप्शन ब्यूरो को सौंप दी थी। इसके बाद दोनों अधिकारियों समेत कई दलालों की गिरफ्तारी भी हुई थी।

हालांकि, इस पूरे नेटवर्क में शामिल कुछ अन्य प्रभावशाली लोगों की भूमिका अब भी जांच के दायरे में बताई जा रही है। ऐसे में पांचू मंडल की गिरफ्तारी को इस मामले में अहम कड़ी माना जा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या एसीबी की जांच केवल दलालों और कुछ अधिकारियों तक सीमित रहेगी या फिर इस अवैध वसूली के पीछे मौजूद पूरे नेटवर्क और कथित संरक्षण देने वालों के चेहरे भी सामने आएंगे? फिलहाल, सभी की नजरें एसीबी की आगे की जांच और संभावित खुलासों पर टिकी हैं।

Post a Comment

0 Comments