कोलकाता:- पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में छात्र राजनीति एक बार फिर सड़क पर देखने को मिली, जहां कोलकाता यूनिवर्सिटी के सामने कॉलेज स्ट्रीट इलाके में बुक स्टॉल लगाने को लेकर वामपंथी छात्र संगठन SFI और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। बुधवार को SFI की ओर से कॉलेज स्ट्रीट में बुक स्टॉल लगाया जा रहा था। इसी दौरान ABVP के कार्यकर्ताओं ने भी उसी स्थान पर अपना बुक स्टॉल लगाने की मांग शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों संगठनों के बीच विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि ABVP के पास बुक स्टॉल लगाने की पुलिस अनुमति नहीं थी। इसी मुद्दे को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच भी तीखी बहस हुई। विरोध जताते हुए ABVP कार्यकर्ता हाथों में किताबें लेकर सड़क पर बैठ गए और रास्ता जाम कर दिया। इस दौरान SFI ने आरोप लगाया कि उनके बुक स्टॉल को जानबूझकर निशाना बनाया गया। संगठन का दावा है कि उनके फ्लेक्स बैनर फाड़े गए, किताबों को नुकसान पहुंचाकर सड़क पर फेंका गया और होर्डिंग तक जला दिए गए। वहीं, ABVP ने भी अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह SFI को बुक स्टॉल लगाने नहीं देगी। ABVP का आरोप है कि जिन किताबों को संगठन राष्ट्रविरोधी या सनातन परंपरा के खिलाफ मानता है, उनकी बिक्री नहीं होने दी जाएगी। दोनों संगठनों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने मौके पर भारी संख्या में जवानों की तैनाती की और बैरिकेडिंग कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी के साथ धक्का-मुक्की की भी खबर सामने आई। इस पूरे घटनाक्रम का असर आम लोगों पर भी देखने को मिला। कॉलेज स्ट्रीट और आसपास की सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार दोपहर तक इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए थी। अब सवाल यह है कि किताबों और विचारों की अभिव्यक्ति को लेकर शुरू हुआ यह विवाद छात्र संगठनों के बीच किस दिशा में आगे बढ़ेगा और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाएगा।

0 Comments