आसनसोल :- देशभर में 74 वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। 15 अगस्त 1947 को आजादी हासिल करने के बाद 26 जनवरी 1950 को देश गणतंत्र बना। इसी दिन देश में संविधान लागू किया गया था। गणतंत्र दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य यह है कि 26 जनवरी 1950 को पूरे 2 साल 11 महीने और 18 दिन में बनाया गया संविधान लागू किया गया था और हमारे देश भारत को पूर्ण गणतंत्र घोषित किया गया। साल 1947 में देश को ब्रिटिश राज से आजादी मिली, लेकिन उसका अपना संविधान नहीं था। 26 जनवरी 1950 को भारत को अपना संविधान मिला।
गुरुवार को पूरे देश के साथ-साथ आसनसोल शिल्पांचल में भी गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। तमाम सरकारी गैर सरकारी कार्यालयों, स्कूल कॉलेज, क्लब समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर देश का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा शान से फहराया गया। गणतंत्र दिवस को लेकर विभिन्न जगहों पर देशभक्ति कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। स्कूली छात्रों से लेकर तमाम लोग गणतंत्र दिवस के रंग में रंगे हुए नजर आए।
जानकारी के अनुसार, देश के 74वें गणतंत्र दिवस के मौके पर आसनसोल में विभिन्न स्थानों पर शान से तिरंगा फहराया गया। राज्य के कानून व श्रम मंत्री मलय घटक ने आसनसोल के ऑटो स्टैंड में गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। साथ ही यहां सामूहिक राष्ट्रगीत गाया गया। गणतंत्र दिवस समारोह में पहुंचने पर मंत्री मलय घटक को ऑटो स्टैंड यूनियन के तरफ से सम्मानित किया गया। मंत्री मलय घटक ने तमाम लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला।
आसनसोल स्टेडियम में पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन की तरफ से गणतंत्र दिवस मनाया गया। जहां पश्चिम बर्दवान जिला के डीएम एस अरुण प्रसाद ने ध्वजारोहण किया। साथ ही परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। यहां पुलिस कर्मियों द्वारा गन सैल्यूट भी दिया गया वहीं छात्रों ने देश भक्ति गानों पर नृत्य प्रस्तुत किया।
आसनसोल रेल मंडल स्टेडियम में डीआरएम परमानंद शर्मा ने भी देश के गणतंत्र दिवस के मौके पर ध्वजारोहण किया। साथ ही उन्होंने आरपीएफ जवानों के परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। आरपीएफ के जवानों द्वारा मार्च पास्ट किया गया। इतना ही नहीं सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र आरपीएफ का डॉग स्क्वायड रहा। आरपीएफ के डॉग स्क्वायड द्वारा एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज कारनामे दिखाए गए।
वहीं दूसरी तरफ दुर्गापुर में भी गणतंत्र दिवस की धूम रही। दुर्गापुर शहर के चतुरंग मैदान में गणतंत्र दिवस मनाया गया। जहां महकमा शासक सौरव चटर्जी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा गन सैल्यूट दिया गया। यहां भी डॉग स्क्वायड द्वारा हैरतअंगेज प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही यहां रंगारंग देशभक्ति कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

0 Comments