कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने विधानसभा में 4 लाख 6 हजार करोड़ रुपये का ऐतिहासिक अंतरिम बजट पेश करते हुए चुनावी वर्ष में घोषणाओं की झड़ी लगा दी है। इस बजट में राज्य के सिविक वॉलंटियर्स और ग्रीन पुलिस कर्मियों को बड़ी सौगात देते हुए उनके मासिक वेतन में 1,000 रुपये की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। इस वेतन वृद्धि को लागू करने के लिए सरकार ने कुल 150 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है, जिससे राज्य के हजारों सुरक्षा कर्मियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। इसके साथ ही, सरकार ने राज्य के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को लुभाने के लिए एक नई महत्वाकांक्षी योजना बंगाल युवा साथी की घोषणा की है। इस योजना के तहत 21 से 40 वर्ष की आयु के माध्यमिक पास युवक-युवतियों को सरकार हर महीने 1,500 रुपये का बेरोजगारी भत्ता प्रदान करेगी। हालांकि, यह योजना आगामी 15 अगस्त से तब लागू होगी जब वर्तमान सरकार पुनः सत्ता में वापसी करेगी। युवाओं को स्वरोजगार और आर्थिक संबल देने की दिशा में इसे ममता बनर्जी सरकार का एक बड़ा चुनावी कदम माना जा रहा है।

0 Comments