AMC के सफाई कर्मियों ने बंद किया कामकाज, शहर में कूड़े कचड़े का लगा अंबार

आसनसोल (राम बाबू यादव) :- आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार सुबह से ही विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है, जिससे निगम का साफ सफाई का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया। शहर में अभी से ही कई जगहों पर कूड़े कचरे का अंबार लगा शुरू हो गया है। साथ ही साफ सफाई की व्यवस्था भी पूरी तरह से चरमरा गई है। सुबह करीब 6 बजे से ही नगर निगम द्वारा संचालित सफाई कर्मी कार्यालय परिसर में एकत्र हुए और मुख्य द्वार का घेराव कर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे कर्मियों का मुख्य आरोप है कि लंबे समय से उनके भविष्य निधि (पीएफ) की राशि जमा नहीं की गई है, जिससे उनका आर्थिक भविष्य असुरक्षित है।


आंदोलनकारी कर्मचारियों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें केवल 9,000 रुपये मासिक वेतन मिल रहा है, जो आज की महंगाई के दौर में घर चलाने के लिए बिल्कुल पर्याप्त नहीं है। उनकी मांग है कि इस वेतन को बढ़ाकर न्यूनतम 20,000 रुपये किया जाए। इसके साथ ही सफाई कर्मियों ने स्थायी पहचान पत्र जारी करने और ईएसआई के तहत चिकित्सा सुविधा प्रदान करने की भी मांग उठाई है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि कई बार अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

दूसरी ओर, आसनसोल नगर निगम के एमआईसी गुरदास चटर्जी ने स्थिति पर सफाई देते हुए कहा कि इस मसले पर मेयर के साथ निरंतर बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के आय-व्यय के संतुलन को देखते हुए कर्मियों को यथासंभव वेतन दिया जा रहा है और इस संबंध में एक समझौता भी हुआ है। उन्होंने बताया कि पैन कार्ड जैसे जरूरी कागजात जमा न कर पाने के कारण कुछ तकनीकी समस्याएं आ रही हैं। फिलहाल नगर निगम प्रशासन बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने का प्रयास कर रहा है।

Post a Comment

0 Comments