आसनसोल :-आसनसोल नगर निगम मुख्यालय में गुरुवार को इस महीने की महत्वपूर्ण बोर्ड मीटिंग संपन्न हुई। चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निगम कमिश्नर एकम जे. सिंह, विभिन्न विभागों के एमएमआईसी (MMIC), बोरो चेयरमैन और कई वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे। बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विभिन्न वार्डों में विकास योजनाओं को गति देने पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान जनहित से जुड़ी 100 से अधिक विकास योजनाओं को बोर्ड द्वारा औपचारिक रूप से मंजूरी दी गई।
बैठक के बाद एक महत्वपूर्ण वित्तीय राहत की घोषणा करते हुए चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने बताया कि निगम ने बकाया कर (टैक्स) की वसूली के लिए एक विशेष योजना शुरू की है। उन्होंने कहा कि जिन आवासीय भवनों, कारखानों या व्यावसायिक परिसरों का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है, यदि वे 31 मार्च 2026 तक अपना पूरा बकाया जमा करते हैं, तो उन्हें कुल राशि पर 20% की बड़ी छूट दी जाएगी।
चेयरमैन ने आगे कहा कि नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम जल्द ही विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कैंपों का आयोजन करेगा, जहां लोग आसानी से अपना टैक्स जमा कर सकेंगे। इसके अलावा, करदाता निगम कार्यालय में आकर भी इस छूट का लाभ उठा सकते हैं। निगम का उद्देश्य इस योजना के माध्यम से राजस्व बढ़ाना और आम जनता को वित्तीय राहत प्रदान करना है।




0 Comments