CM Mamta Banerjee ने किया 1700 करोड़ के 'Ganga Sagar Setu' का शिलान्यास, 3 साल में पूरा होगा काम

कोलकाता :- Ganga Sagar Mela 2026 पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को सागर द्वीप के निवासियों और तीर्थयात्रियों के लिए एक ऐतिहासिक सौगात दी है। मुरीगंगा नदी के कारण होने वाली आवागमन की समस्याओं को समाप्त करने के लिए मुख्यमंत्री ने बहुप्रतीक्षित 'गंगासागर सेतु' का आधिकारिक रूप से शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुरानी कहावत को बदलते हुए कहा कि अब 'सब सागर एक बार, गंगासागर बार-बार' होगा। मुरीगंगा नदी पर बनने वाला यह पुल लगभग पांच किलोमीटर लंबा होगा और इसमें चार लेन की सुविधा दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अगले दो से तीन वर्षों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इस परियोजना की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने केंद्र की मदद का इंतजार किए बिना अपने दम पर इसे बनाने का फैसला लिया है। लगभग 1,700 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना की जिम्मेदारी प्रसिद्ध निर्माण कंपनी एलएंडटी (L&T) को सौंपी गई है। 


मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि गंगासागर के लोगों की यह पुरानी मांग थी और उनकी सरकार जो कहती है, उसे करके दिखाती है। यह सेतु न केवल तीर्थयात्रियों के लिए मददगार होगा, बल्कि सागर द्वीप के आर्थिक और संचार ढांचे में एक बड़ी क्रांति लेकर आएगा। तकनीकी रूप से यह पुल द्वितीय हुगली सेतु (विद्यासागर सेतु) या निवेदिता सेतु की तर्ज पर आधुनिक डिजाइन के साथ बनाया जाएगा। पुल के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी तेज गति से चल रही है। जानकारी के अनुसार, काकद्वीप के हिस्से में 7.95 एकड़ और कचूबेरिया क्षेत्र में 5.01 एकड़ जमीन का अधिग्रहण पहले ही किया जा चुका है और शेष कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इस पुल के बन जाने से मुरीगंगा नदी की लहरों और ज्वार-भाटे पर निर्भर रहने वाली यात्रियों की मुश्किल यात्रा अब सुगम और सुरक्षित हो जाएगी।

#gangasagarmela #GangasagarMela2026 #gangasagarbridge #MamtaBanerjee

Post a Comment

0 Comments