Durgapur में MLA लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई के खिलाफ 'बाय-बाय' के पोस्टर से सियासी हड़कंप, BJP की आंतरिक कलह उजागर

दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- पश्चिम बंगाल में 2026 विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। दुर्गापुर में भाजपा के भीतर का अंतर्विरोध अब खुलकर सामने आ गया है। भाजपा के पूर्व बर्दवान जिला कमेटी सदस्य अभिजीत भट्टाचार्य द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए एक विवादास्पद पोस्ट ने जिले की राजनीति में हलचल मचा दी है। भट्टाचार्य ने दुर्गापुर पश्चिम के मौजूदा भाजपा विधायक लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए लिखा है— "पश्चिम बंगाल में बचने के लिए भाजपा ही चाहिए, लेकिन दुर्गापुर पश्चिम केंद्र में उम्मीदवार बदलना होगा, इसलिए दादा अब आपको बाय-बाय।


अभिजीत भट्टाचार्य ने स्पष्ट रूप से कहा कि बर्धमान-दुर्गापुर लोकसभा सीट से वे दिलीप घोष को नहीं जिता सके, लेकिन 2026 के विधानसभा चुनाव में दिलीप बाबू को दुर्गापुर पश्चिम सीट से जिताकर वे अपने मन की टीस मिटाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संवैधानिक पदों पर बैठे कुछ लोग पार्टी को गलत रास्ते पर ले जा रहे हैं और उसे अपनी पैतृक संपत्ति समझ बैठे हैं। इस बयान के बाद भाजपा के भीतर गुटबाजी चरम पर पहुंच गई है।

दूसरी ओर, इन आरोपों पर पलटवार करते हुए विधायक लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई ने कहा कि जो लोग ऐसी बातें कर रहे हैं, वे असल में भाजपाई नहीं बल्कि तृणमूल कांग्रेस के एजेंट हैं और वे तृणमूल को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, इस पूरे विवाद पर चुटकी लेते हुए तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता उज्ज्वल मुखोपाध्याय ने कहा कि यह भाजपा का आंतरिक कलह है जो अब सार्वजनिक हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव नजदीक आते ही यह विवाद और बढ़ेगा और 2026 में भाजपा राज्य की हर सीट पर हारेगी। फिलहाल, अपनी ही पार्टी के विधायक के खिलाफ भाजपा नेता की इस बगावत ने सांगठनिक स्तर पर पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

Post a Comment

0 Comments