दुर्गापुर :- दुर्गापुर नगर निगम के वार्ड संख्या 13 में विकास की गति को और तेज करते हुए शनिवार को विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भव्य शुभारंभ किया गया। दुर्गापुर नगर निगम के वाइस चेयरपर्सन और वार्ड के पूर्व पार्षद धर्मेंद्र यादव ने नारियल फोड़कर लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं में मुख्य रूप से वार्ड के विभिन्न हिस्सों में कच्चे रास्तों का पक्कीकरण और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए सार्वजनिक शेड का निर्माण शामिल है। इस अवसर पर स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखा गया और उन्होंने वाइस चेयरपर्सन का जोरदार स्वागत किया।
दुर्गापुर नगर निगम के प्रशासक बोर्ड के वाईस चेयरपर्सन धर्मेंद्र यादव ने कहा कि हमारा लक्ष्य वार्ड संख्या 13 को एक आदर्श वार्ड बनाना है। लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग थी कि कच्चे रास्तों को पक्का किया जाए और धूप-बारिश से बचाव के लिए शेड बनाए जाएं। अब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रेरणा से लगभग 1 करोड़ की लागत के कार्यों को शुरू किया गया है। हम केवल वादे नहीं करते, बल्कि धरातल पर काम करके दिखाते हैं। आने वाले समय में वार्ड के हर कोने तक विकास की रोशनी पहुंचेगी और नागरिकों को किसी भी मूलभूत सुविधा के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
इस उद्घाटन समारोह के दौरान दुर्गापुर 2 नंबर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस हिंदी प्रकोष्ठ के सभापति लालबाबू प्रसाद, ब्लॉक उपाध्यक्ष राजू सिंह और वरिष्ठ नेता कमलेंदु रॉय सहित कई स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक सुर में कहा कि विकास की यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।



0 Comments