आसनसोल :- नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आसनसोल में पुलिस और नारकोटिक्स विभाग को शुक्रवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आसनसोल उत्तर थाना, जहांगीरी मोहल्ला पुलिस फांड़ी और नारकोटिक्स विभाग द्वारा चलाए गए एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान आसनसोल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 के पास स्थित मैदान से तीन महिलाओं को 18 किलो गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व आसनसोल उत्तर थाना प्रभारी सौमेन बनर्जी और जहांगीरी मोहल्ला पुलिस फांड़ी प्रभारी उज्ज्वल साहा ने दल-बल के साथ किया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार की गई ये महिलाएं ट्रेन के जरिए जमशेदपुर से आसनसोल पहुंची थीं। पुलिस को पहले ही गुप्त सूचना मिल गई थी कि नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप शहर में लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस और नारकोटिक्स विभाग की टीम ने घेराबंदी की और संदिग्ध महिलाओं को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 18 किलो बताया जा रहा है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस तस्करी के पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ तो नहीं है और यह खेप शहर में किसे सप्लाई की जानी थी।




0 Comments