दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल में जारी SIR की प्रक्रिया के दौरान दुर्गापुर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दुर्गापुर पूर्व विधानसभा के 88 नंबर बूथ स्थित बिजड़ा इलाके में एक पिता उस वक्त संकट में पड़ गया, जब उसके दो बेटों के दस्तावेजों में उम्र का अंतर मात्र चार महीने पाया गया। स्थानीय निवासी ऐनुल शाह के दो बेटों, आमिर अली और समीर शाह के वोटर व आधार कार्ड में जन्मतिथि की इस विसंगति ने प्रशासन और परिवार दोनों की चिंता बढ़ा दी है। ऐनुल शाह का कहना है कि वे अनपढ़ हैं और कार्ड बनाने वालों की गलती की वजह से यह गड़बड़ी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका परिवार वर्षों से यहीं रह रहा है और बच्चों का जन्म भी यहीं हुआ है। इस मामले पर दुर्गापुर के महकमा शासक (SDO) सुमन विश्वास ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। यदि दस्तावेजों में कोई तकनीकी त्रुटि है, तो फॉर्म-6 जमा कर उसे सुधारा जा सकता है। इधर, इस घटना को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। प्रशासन अब यह जांच रहा है कि यह मानवीय भूल है या इसके पीछे कोई अन्य कारण।


0 Comments