डंपर चालक ने बचाई 3 जिंदगियां, डिवाइडर पर चढ़ाया वाहन, टला बड़ा हादसा

दुर्गापुर :- राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर प्याला आश्रम के पास गुरुवार को एक डंपर चालक की सूझबूझ और बहादुरी से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान बच गई। जानकारी के अनुसार, मलियारा से राख (फ्लाई ऐश) लादकर आ रहे एक डंपर के सामने अचानक आसनसोल जा रहे एक स्कूटर का टायर फट गया। टायर फटने से स्कूटर अनियंत्रित होकर सीधे डंपर के सामने आ गिरा, जिससे एक दर्दनाक हादसे की आशंका पैदा हो गई। स्कूटर पर सवार पति-पत्नी और उनकी मासूम बच्ची को मौत के मुंह में जाता देख डंपर चालक ने अपनी जान जोखिम में डाल दी। उसने तुरंत डंपर को मोड़कर डिवाइडर के बैरिकेड तोड़ते हुए ऊपर चढ़ा दिया। चालक की इस दिलेरी की वजह से डंपर स्कूटर से नहीं टकराया और परिवार बाल-बाल बच गया। हालांकि, परिवार को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही मुचीपाड़ा ट्रैफिक गार्ड के कर्मियों ने सक्रियता दिखाते हुए घायलों को इलाज के लिए दुर्गापुर महकमा अस्पताल पहुँचाया। स्थानीय लोगों ने डंपर चालक की इस वीरता की जमकर प्रशंसा की है।

Post a Comment

0 Comments