दुर्गापुर :- दुर्गापुर के कोकोवन थाना क्षेत्र में छिनतई की एक वारदात को सुलझाने में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के महज कुछ ही घंटों के भीतर तीन आरोपियों को धर दबोचा और उनके पास से चोरी गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर बंधन बैंक की कर्मचारी रितु घोष अपना काम पूरा कर स्कूटी से सिटी सेंटर स्थित अपनी शाखा की ओर लौट रही थीं। जब वह पियाला गांव के पास सर्विस रोड पर पहुंचीं, तभी तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उन बदमाशों ने अचानक रितु का मोबाइल फोन छीन लिया और पास के जंगल की ओर भाग निकले।
इस घटना की सूचना मिलते ही कोकोवन थाने के प्रभारी विजय दलपति के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने जांच शुरू की और कुछ ही घंटों के भीतर पियाला गांव से ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रिजु बाउरी (28), समीर बाउरी (27) और बाप्पा बाउरी (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये तीनों आरोपी पियाला गांव के ही निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें 7 दिनों की पुलिस रिमांड की मांग के साथ दुर्गापुर उपमंडल अदालत में पेश किया जाएगा। इस त्वरित कार्रवाई पर राहत जताते हुए बैंककर्मी रितु घोष ने कहा कि काम के सिलसिले में कई महिलाओं को हर दिन सड़क पर निकलना पड़ता है, इसलिए सुरक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने पुलिस की सक्रियता के लिए अपना आभार व्यक्त किया है।


0 Comments