पूर्व बर्दवान :- बर्दवान थाना पुलिस ने शहर से सटे रनेसां उपनगरी इलाके में एक सफेद रंग की चार पहिया गाड़ी को रोककर साढ़े 6 लाख रुपये जब्त किए हैं। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान सौरव घोड़ुई और बापन हांसदा के रूप में हुई है। पकड़े गए दोनों आरोपी बांकुड़ा जिले के ओंदा थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार में भारी नकदी ले जाई जा रही है। इसी आधार पर सादे कपड़ों में तैनात पुलिस अधिकारियों ने रनेसा उपनगरी के गेट के पास जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध कार मोड़ पर मुड़ी, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे विशेष रूप से छिपाकर रखे गए नोटों के बंडल बरामद हुए। जब पुलिस ने इतनी बड़ी रकम के बारे में पूछताछ की, तो कार में सवार दोनों व्यक्ति कोई संतोषजनक जवाब या वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाए, जिसके बाद पुलिस ने नकदी और गाड़ी को जब्त कर दोनों को हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह कार दुर्गापुर की ओर से बर्दवान शहर में दाखिल हुई थी और बाद में वापस दुर्गापुर की ओर जाते समय पकड़ी गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दावा किया कि वे पूर्व और पश्चिम बर्दवान के विभिन्न व्यापारियों से नकदी एकत्र कर रहे थे और इसे लेकर बांकुड़ा लौटने की योजना थी। हालांकि, पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह पैसा वास्तव में किसका है और इसे चुनाव से ठीक पहले किस उद्देश्य के लिए ले जाया जा रहा था। इस घटना के बाद सत्तारूढ़ दल और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है।

0 Comments