आसनसोल (राम बाबू यादव) :- बाराबनी के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर बुधवार को लापरवाही के कारण एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। नियमों की अनदेखी कर बंद फाटक पार करने की कोशिश में एक बाइक सवार तीन युवक चलती ट्रेन की चपेट में आ गए। हालांकि समय रहते बाइक छोड़कर कूद जाने से तीनों की जान बाल-बाल बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हंडा की ओर से रेलवे का एक खाली इंजन (लाइट इंजन) आ रहा था। उसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग का गेट बंद था, लेकिन बाइक पर सवार तीन युवक किनारे से रास्ता निकालकर ट्रैक पार करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही युवक ट्रैक के बीच पहुंचे, अचानक सामने से इंजन को आते देख वे घबरा गए और मौत को सामने देख बाइक वहीं छोड़कर कूद गए।
इसके बाद इंजन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और इंजन के नीचे दब गई। घटना के चलते करीब आधे घंटे तक ट्रेन ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही बाराबनी थाना पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त बाइक को इंजन के नीचे से बाहर निकाला गया। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है और फरार युवकों की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।



0 Comments