आसनसोल :- औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिकों और आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में आसनसोल ईएसआई अस्पताल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। शनिवार को अस्पताल परिसर में 10 बिस्तरों वाली अत्याधुनिक आपातकालीन सेवा (इमरजेंसी यूनिट) का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस नई इकाई के शुरू होने से अब आपात स्थिति में आने वाले मरीजों को त्वरित और विश्वस्तरीय प्राथमिक उपचार मिल सकेगा, जिससे गंभीर मामलों में जीवन रक्षा की संभावनाएं बढ़ेंगी। आपातकालीन सेवाओं के साथ-साथ अस्पताल में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए एक स्वचालित थैलेसीमिया जांच मशीन भी स्थापित की गई है। इस मशीन की सहायता से विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की जांच की जा सकेगी, जिससे गर्भ में पल रहे शिशु में थैलेसीमिया के जोखिम का समय रहते पता लगाया जा सकेगा। इन दोनों जनहितैषी सेवाओं का उद्घाटन राज्य के कानून एवं लोक निर्माण मंत्री मलय घटक ने किया।
मंत्री मलय घटक ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण और उन्हें आम आदमी की पहुंच तक लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ईएसआई अस्पताल में इन सुविधाओं का विस्तार आसनसोल और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक बड़ा वरदान साबित होगा। इस कार्यक्रम के दौरान ईएसआई अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अतनु भादर सहित अस्पताल के अन्य वरिष्ठ चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि नई तकनीक और विस्तारित आपातकालीन वार्ड से मरीजों के रेफरल मामलों में कमी आएगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा परामर्श मिल सकेगा।



0 Comments