Asansol में बाइक के मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाली दुकानों में अभियान

आसनसोल :- आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर के कारण बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। अब तक पुलिस केवल सड़कों पर ऐसे साइलेंसर लगी बाइक चलाने वालों पर जुर्माना लगा रही थी, लेकिन अब प्रशासन ने इन साइलेंसरों की बिक्री करने वाली दुकानों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को एसीपी ट्रैफिक विश्वजीत साहा के नेतृत्व में आसनसोल के उषा ग्राम स्थित विभिन्न दुकानों में एक सघन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान की खास बात यह रही कि इसमें ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ आसनसोल दक्षिण थाना और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी भी मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यवाही के दौरान टीम ने कई दुकानों से भारी मात्रा में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर बरामद कर उन्हें जब्त कर लिया। 


एसीपी ट्रैफिक विश्वजीत साहा ने स्पष्ट किया कि इन साइलेंसरों की वजह से होने वाला शोर न केवल आम जनता के लिए परेशानी का सबब है, बल्कि यह ध्वनि प्रदूषण के मानकों का भी उल्लंघन करता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में पकड़े गए बाइक सवारों से हुई पूछताछ के आधार पर ही इन दुकानों को चिन्हित किया गया था। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जिन दुकानों से ये प्रतिबंधित साइलेंसर बरामद हुए हैं, उनके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस कड़े रुख से अवैध रूप से साइलेंसर बेचने वाले दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है।

Post a Comment

0 Comments