दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- भारत की अग्रणी रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी 'राही इंफ्राटेक लिमिटेड' की ओर से सोमवार को देश का 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बांकुड़ा जिले के बरजोड़ा स्थित डब्ल्यूबीआईडीसी (WBIDC) प्लेस्टो स्टील पार्क में कंपनी की इकाई, पन्ड्रॉल राही प्रिसिशन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के परिसर में मुख्य समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर राही इंफ्राटेक लिमिटेड के डायरेक्टर दिनकर राय जोशी ने विधिवत ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने देश की आजादी और संविधान निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों की तस्वीरों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
गणतंत्र दिवस पर अपने संदेश में राही इंफ्राटेक के डायरेक्टर दिनकर राय जोशी ने कहा कि भारत का संविधान हमें समानता और प्रगति का अधिकार देता है। एक औद्योगिक समूह के रूप में हमारा यह कर्तव्य है कि हम तकनीकी उत्कृष्टता के माध्यम से राष्ट्र को आत्मनिर्भर बनाने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें। आज का दिन न केवल उत्सव का है, बल्कि देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने का भी है। इस दौरान बरजोड़ा प्लांट के जीएम विजय कुमार मिश्रा सहित कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी अटूट निष्ठा व्यक्त की।
गौरतलब है कि राही ग्रुप वर्ष 1948 से रेल ट्रैक और पुलों के निर्माण में विशेषज्ञता रख रहा है। इस समूह के नाम जम्मू-कश्मीर में दुनिया के सबसे ऊंचे स्टील आर्क रेल ब्रिज 'चिनाब रेल ब्रिज' के निर्माण का ऐतिहासिक गौरव दर्ज है। 359 मीटर की ऊंचाई वाला यह ब्रिज आज वैश्विक इंजीनियरिंग का एक बेमिसाल उदाहरण है। हावड़ा, हैदराबाद और ओडिशा सहित देशभर में सक्रिय अपनी आधा दर्जन इकाइयों के माध्यम से यह समूह भारतीय रेलवे को आधुनिक और सुरक्षित बनाने के मिशन में निरंतर जुटा हुआ है। गणतंत्र दिवस के इस कार्यक्रम में पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

0 Comments