आसनसोल :- बाराबनी थाना क्षेत्र के पांचगछिया इलाके के नुनी मोड़ पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान चिंचूड़िया ग्राम निवासी धीरन घोष के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, धीरन घोष काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
उत्तेजित ग्रामीणों का आरोप है कि इस क्षेत्र में आए दिन इस तरह की दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन इन पर लगाम लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन की कथित छत्रछाया में इस तरह के वाहन बेलगाम दौड़ रहे हैं। मृतक के परिजनों को केवल 40,000 रुपये का मुआवजा देने की बात कही गई, जिसे ग्रामीणों ने ठुकरा दिया। उनका कहना है कि लोगों की जान की कोई कीमत नहीं समझी जा रही है। ग्रामीणों ने मांग की कि ट्रैक्टर मालिक को तुरंत घटनास्थल पर आना होगा और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देना होगा।
घटना की सूचना पाकर भाजपा युवा मोर्चा के नेता अरिजीत राय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस दुर्घटना को लेकर कड़ी नाराजगी जताते हुए स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। प्रदर्शन के कारण इलाके में यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल, पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।



0 Comments