आसनसोल :- आसनसोल नगर निगम के आशा और सफाई कर्मियों द्वारा जारी आंदोलन अब राजनीतिक रूप लेने लगा है। अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से हड़ताल पर बैठे इन कर्मियों के समर्थन में गुरुवार को कांग्रेस मैदान में उतर आई। कुलटी ब्लॉक कांग्रेस ने कर्मियों की जायज मांगों के समर्थन में कुल्टी बोरो कार्यालय के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि आसनसोल नगर निगम की सैकड़ों आशा कर्मी वेतन वृद्धि सहित कई अन्य मांगों को लेकर गत 23 दिसंबर से कार्य बहिष्कार कर रही हैं। दूसरी ओर, पिछले सात दिनों से नगर निगम के सभी 106 वार्डों के सफाई कर्मियों ने भी काम बंद कर रखा है। सफाई कर्मियों का आरोप है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद प्रशासन उनके वेतन और कार्य स्थितियों में सुधार नहीं कर रहा है। इस हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुकांत दास के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सुकांत दास ने कहा, आशा और सफाई कर्मी शहर की रीढ़ हैं, लेकिन सरकार उनकी जायज मांगों को अनसुना कर रही है। जब तक निगम और राज्य सरकार उनकी वेतन वृद्धि की मांग नहीं मानती, कांग्रेस अपना आंदोलन जारी रखेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


0 Comments