आसनसोल :- आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की आठ दिनों से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण शहर की बिगड़ती स्थिति को लेकर शुक्रवार को आसनसोल उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। कार्यकर्ताओं ने नगर निगम मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की। मेयर की अनुपस्थिति में युवा कांग्रेस ने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए मेयर चैंबर के दरवाजे पर ही डेपुटेशन की कॉपी चिपका दी। इसके साथ ही प्रशासन को जमीनी हकीकत दिखाने के लिए शहर में पसरी गंदगी और कचरे के ढेरों की तस्वीरें भी चैंबर के बाहर चस्पा की गईं।
इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष गौरव रॉय ने कहा कि सफाई कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से आंदोलनरत हैं, लेकिन निगम की उदासीनता के कारण शहर के सभी 106 वार्डों में कचरे का अंबार लग गया है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि गंदगी के कारण कभी भी महामारी फैल सकती है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। युवा कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अगले पांच से छह दिनों के भीतर इस हड़ताल को समाप्त कर सफाई व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो संगठन की ओर से और भी बड़ा और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।



0 Comments