कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा में बजट चर्चा के दौरान आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल की एक विवादास्पद टिप्पणी को लेकर भारी हंगामा हुआ। विधायक अग्निमित्रा ने आरोप लगाया कि "अपराधी अल्पसंख्यकों की रक्षा करना ही इस सरकार का एकमात्र काम है।" उन्होंने यह भी कहा कि मदरसों के विकास पर भारी खर्च के बावजूद वहां से कोई आईएएस या आईपीएस नहीं निकल रहा, बल्कि वहां से निकलने वालों के हाथों में हथियार देखे जा रहे हैं। इस टिप्पणी पर शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम और तृणमूल विधायकों ने तीव्र आपत्ति जताई। फिरहाद हकीम ने इसे 'अलोकतांत्रिक' और 'अमर्यादित' बताते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में अल्पसंख्यकों की बड़ी भूमिका रही है और पूरे समुदाय को अपराधी कहना भाजपा की गंदी राजनीति है। उन्होंने विधायक से माफी की मांग की। सत्ता पक्ष के विधायक वेल में उतरकर नारेबाजी करने लगे, जिसके जवाब में भाजपा विधायकों ने भी जवाबी नारे लगाए। हंगामे के दौरान शुभेंदु अधिकारी और तृणमूल विधायकों के बीच तीखी बहस हुई, जिससे सदन की कार्यवाही काफी देर तक बाधित रही।

0 Comments