चुनाव के दौरान फायरिंग का आरोपी शिवम श्रीवास्तव अंडाल एयरपोर्ट से गिरफ्तार


अंडाल :- झारखंड के गिरिडीह जिले में चुनाव के दौरान हुई फायरिंग की घटना में फरार आरोपित शिवम श्रीवास्तव को पुलिस ने आखिरकार मंगलवार शाम अंडाल एयरपोर्ट परिसर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आसनसोल नंबर की एक कार और उसके चालक को भी हिरासत में लिया है।

सोमवार को गिरिडीह में चुनावी माहौल के बीच हुई फायरिंग के बाद से ही पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी थी। पीछा करने के दौरान गुप्त सूचना मिली कि वह काजी नजरुल इस्लाम एयरपोर्ट (अंडाल एयरपोर्ट) परिसर से फरार होने की फिराक में है। सूचना मिलते ही गिरिडीह पुलिस ने अंडाल थाना पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई करते हुए एयरपोर्ट परिसर में छापेमारी कर आरोपित को दबोच लिया गया।

फिलहाल गिरिडीह और अंडाल पुलिस आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपित को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए गिरिडीह लाया जाएगा। गिरिडीह से आए सब इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपित को उसके चालक के साथ गिरफ्तार किया गया है। पचंबा क्षेत्र के भंडारीडीह आजाद नगर में गोलीकांड में दो लोगों के घायल होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह प्राथमिकी भंडारीडीह में दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त सह सदर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी महेश भगत के आवेदन पर पूर्व वार्ड पार्षद शिवम आजाद व अन्य अज्ञात के विरुद्ध पचंबा थाने में दर्ज की गई है।

Post a Comment

0 Comments