आसनसोल जिला अदालत में दूसरे दिन भी बम की धमकी से हड़कंप, डॉग और बम स्क्वायड से तलाशी

आसनसोल :- आसनसोल जिला अदालत में बुधवार सुबह एक बार फिर धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया, जिससे पूरे परिसर में बम का डर फैल गया। गौरतलब है कि यह लगातार दूसरा दिन है जब अदालत को इस तरह की धमकी मिली है। मंगलवार को तमिलनाडु से आए मेल के बाद, बुधवार सुबह करीब 11 बजे कोयंबटूर से एक और ईमेल प्राप्त हुआ। जिला जज कोर्ट के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी भरत दास ने इस घटना की पुष्टि करते हुए तुरंत आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट को सूचित किया।


धमकी मिलते ही आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास के नेतृत्व में पुलिस की एक विशाल टीम, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची। सुरक्षा कारणों से पूरे अदालत परिसर को खाली करा दिया गया और स्निफर डॉग्स तथा मेटल डिटेक्टर्स की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि बांग्ला और अंग्रेजी में लिखे इस मेल में धमकी दी गई थी कि नमाज के बाद जिला जज भवन में रखा आरडीएक्स (RDX) उड़ा दिया जाएगा। इस घटना के कारण मंगलवार की तरह बुधवार को भी अदालत का सामान्य कामकाज पूरी तरह से बाधित रहा और वकीलों व मुवक्किलों के बीच दहशत का माहौल देखा गया।

Post a Comment

0 Comments