राज्य बार काउंसिल चुनाव को लेकर दुर्गापुर कोर्ट में मंत्री मलय घटक ने किया प्रचार

दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल राज्य बार काउंसिल के आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बार काउंसिल का चुनाव आगामी 9 और 10 मार्च को होगा। इसी क्रम में राज्य के कानून, न्याय और श्रम मंत्री मलय घटक ने शुक्रवार को दुर्गापुर महकमा अदालत का दौरा किया। उन्होंने यहाँ बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ बैठक की और तृणमूल कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। 

गौरतलब है कि राज्य बार काउंसिल के चुनाव आगामी 9 और 10 मार्च को होने निर्धारित हैं। प्रचार सभा को संबोधित करते हुए मंत्री मलय घटक ने कहा कि वह राज्य के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर अधिवक्ताओं से सीधा संवाद कर रहे हैं ताकि संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बार काउंसिल का चुनाव केवल एक संगठनात्मक प्रक्रिया मात्र नहीं है, बल्कि यह अधिवक्ताओं के अधिकारों और उनके हितों की रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना।


विशेष रूप से दुर्गापुर महकमा अदालत के नए भवन में वकीलों के बैठने की जगह को लेकर आ रही समस्याओं पर चर्चा करते हुए मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने अदालत परिसर में बुनियादी ढांचे के विकास और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बढ़ाने के प्रति सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि राज्य सरकार अधिवक्ताओं के कार्यक्षेत्र को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। चुनाव से ठीक पहले मंत्री के इस दौरे और उनके आश्वासनों ने स्थानीय अधिवक्ता समाज के बीच नई उम्मीदें जगाई हैं।

Post a Comment

0 Comments