जामुड़िया के जंगल में लकड़बग्घा बरामद होने दहशत में ग्रामीण, वन विभाग ने किया रेस्क्यू


जामुड़िया :- जामुड़िया थाना अंतर्गत मदनतोर गांव में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ युवकों ने सड़क के किनारे एक विशालकाय लकड़बग्घे (हायना) को घूमते हुए देखा। लकड़बग्घे को देखते ही इलाके में सनसनी फैल गई। युवकों ने बिना देरी किए तुरंत इसकी सूचना चुरुलिया पुलिस आउटपोस्ट को दी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से इलाके को अपने घेरे में ले लिया ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।

इसके पश्चात, घटना की जानकारी बाराबनी वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। वन विभाग की टीम एक बड़ा पिंजरा लेकर मौके पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद लकड़बग्घे को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर अपने साथ ले गई। जैसे ही गांव में लकड़बग्घे के पकड़े जाने की खबर फैली, उसे देखने के लिए आसपास के गांवों से लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह के जंगली जानवर के आने से वे काफी डरे हुए हैं।


वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जानवर को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है, लेकिन ग्रामीण अभी भी इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आखिर यह लकड़बग्घा इस इलाके तक पहुंचा कैसे। वन विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि क्या क्षेत्र में और भी जंगली जानवर सक्रिय हैं। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Post a Comment

0 Comments