पांडवेश्वर :- राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 14 पर स्थित खोट्टाडीह मोड़ रविवार की सुबह एक बड़े हादसे का गवाह बना। सुबह करीब साढ़े छह बजे एक यात्री बस और राख से लदे डंपर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, इस भीषण दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और बस में सवार दर्जनों यात्री बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा डंपर की अनियंत्रित गति के कारण हुआ। टक्कर के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए, लेकिन इसी बीच डंपर का चालक और खलासी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही पांडवेश्वर ट्रैफिक गार्ड और स्थानीय थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और यात्रियों की कुशलक्षेम पूछी।
सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण यातायात बाधित हो गया था, जिसे सुचारू करने के लिए पुलिस की निगरानी में क्रेन की मदद ली गई। भारी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे किया गया, जिसके बाद आवाजाही सामान्य हो सकी। स्थानीय निवासियों ने इस खतरनाक मोड़ पर बार-बार होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर भारी रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि खोट्टाडीह मोड़ पर तुरंत स्पीड ब्रेकर (बंपर) का निर्माण कराया जाए, ताकि वाहनों की गति को नियंत्रित किया जा सके और भविष्य में होने वाले संभावित जानलेवा हादसों को रोका जा सके।



0 Comments