आसनसोल जिला अदालत में कड़ी सुरक्षा, लगातार तीसरे दिन डॉग स्क्वाड से तलाशी


आसनसोल :- आसनसोल जिला अदालत परिसर में पिछले 48 घंटों से बम की धमकी को लेकर भारी तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। मंगलवार और बुधवार को लगातार दो दिनों तक 24 घंटे के भीतर अदालत को बम से उड़ाने के धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए, जिसके बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और बम स्क्वाड व डॉग स्क्वाड की मदद से अदालत के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। हालांकि, सघन तलाशी के बावजूद अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।


गुरुवार को भी आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त देखी गई। अदालत की सुरक्षा में कोई लापरवाही न हो, इसके लिए पुलिस अधिकारियों की भारी तैनाती की गई है। आज भी डॉग स्क्वाड के साथ पुलिस की टीम ने अदालत के कोने-कोने और संवेदनशील हिस्सों का मुआयना किया। वकीलों और मुवक्किलों के बीच भी इस घटना को लेकर चिंता बनी हुई है, जिसे देखते हुए प्रवेश द्वारों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अब उन ईमेल के स्रोतों का पता लगाने में जुटी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह किसी की शरारत है या कोई बड़ी साजिश।

Post a Comment

0 Comments