कोलकाता :- ओडिशा के जाजपुर जिले में गुरुवार को एक बड़ा ट्रेन हादसा टल गया। न्यू जलपाईगुड़ी-चेन्नई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस जाखपुरा स्टेशन के पास पटरी से उतर गई। जानकारी के अनुसार, ट्रेन के दो कोच (एक जनरल और एक अन्य) अचानक बेपटरी हो गए। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त ट्रेन की रफ्तार कम थी, जिससे किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना उस समय की है जब ट्रेन भद्रक से जाजपुर की ओर जा रही थी। यात्रियों ने बताया कि अचानक तेज झटके के साथ अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के मारे ट्रेन से नीचे उतरने लगे। रेलवे के उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुष्टि की कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। इस घटना के कारण रूट पर रेल यातायात बाधित हुआ है। रेलवे ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं, हालांकि इस हादसे ने एक बार फिर रेल सुरक्षा और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


0 Comments