आसनसोल :- पश्चिम बर्दवान जिले में चरमराती स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में आज कांग्रेस ने जिला मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान युवा कांग्रेस नेता रवि यादव, प्रसनजीत पुईतुंडी, शाह आलम और पार्षद एस.एम. मुस्तफा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सीएमओएच का पुतला फूंका।
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि यादव ने आरोप लगाया कि 2024 से लगातार आंदोलन और प्रशासन के आश्वासनों के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने तीखा हमला करते हुए कहा कि ब्लॉक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कुर्सियों पर कुत्ते बैठे मिलते हैं और चिकित्सा कर्मियों का व्यवहार मरीजों के प्रति बेहद खराब है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि तृणमूल नेताओं के संरक्षण में निजी नर्सिंग होम का कारोबार चमकाने के लिए सरकारी अस्पतालों को बदहाल छोड़ दिया गया है। जिला अस्पताल में एक बेड पर तीन-तीन मरीज लेटने को मजबूर हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी, तो आंदोलन और उग्र होगा।



0 Comments