Durgapur में BJP कार्यकर्ताओं की पिटाई का आरोप, TMC और BJP में आरोप - प्रत्यारोप

दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच दुर्गापुर के इस्पात नगरी क्षेत्र में राजनीतिक हिंसा की घटना सामने आई है। सोमवार रात बि-ज़ोन इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट को लेकर व्यापक तनाव फैल गया। भाजपा का आरोप है कि दुर्गापुर नगर निगम की पूर्व तृणमूल पार्षद धृति बनर्जी जालान और उनके पति सौगत बनर्जी उर्फ पप्पू के नेतृत्व में उनके समर्थकों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया। इस घटना में महिला कार्यकर्ताओं को भी नहीं बख्शे जाने का आरोप लगाया गया है। इस हमले के विरोध में आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने चंद्र शेखर बनर्जी के नेतृत्व में बिज़ोन पुलिस चौकी के सामने ज़ोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। भाजपा जिला नेतृत्व ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे।


घटनाक्रम के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता वार्ड नंबर तीन के अंतर्गत विलियम कैरी, मेघनाद साहा और रामानुजन इलाकों में घर-घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र पहुंचा रहे थे और पार्टी का प्रचार कर रहे थे। भाजपा का दावा है कि इसी दौरान पूर्व पार्षद और उनके समर्थकों ने उनके प्रचार कार्य में बाधा डाली और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। भाजपा नेतृत्व का कहना है कि तृणमूल हार के डर से हिंसा का सहारा ले रही है और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है।


दूसरी ओर, पूर्व पार्षद धृति बनर्जी जालान और उनके पति सौगत बनर्जी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे आधारहीन बताया है। तृणमूल कांग्रेस का पलटवार है कि भाजपा कार्यकर्ता शराब के नशे में धुत होकर घर-घर प्रचार कर रहे थे, जिसका स्थानीय आम जनता ने विरोध किया। तृणमूल नेताओं का दावा है कि उनके पास एक कार्यकर्ता का कबूलनामा भी है कि वह नशे में था। सत्ताधारी दल का कहना है कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर अशांति को शांत कराया था, न कि मारपीट की। तृणमूल ने इसे भाजपा का चुनावी नाटक करार देते हुए कहा कि लंबे समय तक गायब रहने के बाद अब वोट के लिए भाजपा सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रही है। फिलहाल, इस घटना को लेकर पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

Post a Comment

0 Comments