Durgapur में BJP नेत्री के घर पर बमबाजी से इलाके में दहशत


दुर्गापुर :- दुर्गापुर इस्पात नगरी के राणा प्रताप रोड इलाके में शुक्रवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भाजपा के दुर्गापुर पूर्व 1 नंबर मंडल की साधारण संपादिका शाश्वती गिरी के घर के सामने अज्ञात बदमाशों ने बमबाजी की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि पूरा इलाका धुएं से भर गया और परिवार के सदस्य दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

भाजपा नेत्री शाश्वती गिरी के परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी सक्रिय रूप से भाजपा से जुड़ी हुई है और उनके घर पर पार्टी कार्यकर्ताओं का आना-जाना लगा रहता है, संभवतः इसी राजनीतिक रंजिश के कारण उनके घर को निशाना बनाया गया है। भाजपा नेत्री ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सजा की मांग की है।


इस घटना की खबर मिलते ही भाजपा के जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर बनर्जी शाश्वती गिरी के आवास पर पहुंचे। उन्होंने इस हमले के लिए सीधे तौर पर सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) को जिम्मेदार ठहराया है। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे भाजपा का झूठा प्रचार करार दिया है। फिलहाल पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

Post a Comment

0 Comments