Durgapur में जिला कांग्रेस कार्यालय में भीषण आग, चुनावी सामग्री जलकर खाक


दुर्गापुर :- औद्योगिक शहर दुर्गापुर के पांचमाथा मोड़ स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की शुरुआत तब हुई जब स्थानीय निवासियों ने कार्यालय भवन की दूसरी मंजिल से काला धुआं निकलते देखा। सूचना मिलते ही पार्टी कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कार्यालय का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा भयावह था।

आग ने दूसरी मंजिल के उस कमरे को अपनी चपेट में ले लिया था जहाँ भारी मात्रा में पार्टी के झंडे, फेस्टून, बैनर और अन्य प्रचार सामग्रियां रखी हुई थीं। देखते ही देखते ये सभी सामग्रियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। सूचना मिलने पर दमकल की एक गाड़ी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।


दमकल विभाग के अधिकारियों का प्रारंभिक अनुमान है कि बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन चुनाव से ठीक पहले इतनी बड़ी मात्रा में दलीय सामग्रियों का नष्ट होना पार्टी के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है। फिलहाल प्रशासन और दलीय नेतृत्व नुकसान के सटीक आकलन में जुटे हैं।

Post a Comment

0 Comments