DTPS में नियुक्त को लेकर BJP और BMS का जोरदार प्रदर्शन, TMC का पलटवार


दुर्गापुर :- डीवीसी के अधीन दुर्गापुर थर्मल पावर स्टेशन (DTPS) के गेट पर भ्रष्टाचार और नियुक्तियों में पक्षपात का आरोप लगाते हुए सोमवार सुबह भारतीय मजदूर संघ (BMS) और भाजपा नेतृत्व ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। जिला भाजपा प्रवक्ता सुमंत मंडल के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे इलाके में काफी तनाव फैल गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि डीवीसी के कुछ अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और नियुक्तियों के दौरान उनके संगठन के कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर पसंदीदा लोगों को काम दिया जा रहा है।

इस विरोध प्रदर्शन पर पलटवार करते हुए तृणमूल कांग्रेस ने इसे पूरी तरह से 'राजनीतिक स्टंट' करार दिया है। तृणमूल कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष उत्तम मुखर्जी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि एक सार्वजनिक क्षेत्र की केंद्रीय संस्था (PSU) के खिलाफ भाजपा का यह आंदोलन राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्रीय संस्थान में नियुक्ति के लिए तृणमूल को जिम्मेदार ठहराना पूरी तरह से निराधार है। इस घटना ने दुर्गापुर के औद्योगिक क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज कर दी है और दोनों पक्षों के बीच जुबानी जंग जारी है।

Post a Comment

0 Comments