आसनसोल :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों के बीच निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बर्दवान जिले के लिए अंतिम मतदाता सूची (Final Electoral Roll 2026) का प्रकाशन कर दिया है। शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, SIR के बाद पश्चिम बर्दवान जिले में कुल मतदाताओं की संख्या अब 20,18,521 हो गई है। उल्लेखनीय है कि 16 दिसंबर 2025 को प्रकाशित प्रारूप (Draft) सूची में मतदाताओं की कुल संख्या 20,20,966 थी, जिसमें अब 2,445 मतदाताओं की शुद्ध कमी दर्ज की गई है। आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि SIR प्रक्रिया के दौरान जहाँ 11,634 नए नाम वोटर लिस्ट जोड़े गए, वहीं अपात्र पाए गए 14,079 नामों को वोटर लिस्ट से हटाया गया है।
नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बर्दवान जिले में पुरुष मतदाताओं की संख्या 10,29,092 और महिला मतदाताओं की संख्या 9,89,399 है, जबकि 'थर्ड जेंडर' श्रेणी में 30 मतदाता पंजीकृत हैं। जिले का लिंगानुपात (Gender Ratio) वर्तमान में 961 दर्ज किया गया है। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जिले भर में कुल 2,504 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह सूची जिला निर्वाचन अधिकारी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) पश्चिम बंगाल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। साथ ही, सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां सौंप दी गई हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा पश्चिम बर्धमान जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में 'लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी' (तथ्यगत विसंगति) से संबंधित मामलों के विस्तृत आंकड़े सार्वजनिक कर दिए गए हैं। इन आंकड़ों के विश्लेषण से स्पष्ट होता है कि पूरे जिले में निर्वाचन दस्तावेजों और विवरणों में विसंगतियों के मामले काफी अधिक हैं, जिनकी भविष्य में गहन जांच की जाएगी। जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों में से आसनसोल उत्तर (281) में सबसे अधिक 28,767 मामले सामने आए हैं, जो प्रशासनिक और चुनावी दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसके बाद कुल्टी (282) में 22,509, रानीगंज (278) में 17,847 और आसनसोल दक्षिण (280) में 16,278 मामले दर्ज किए गए हैं।
अन्य क्षेत्रों की स्थिति पर नजर डालें तो जामुड़िया (279) में 13,440, दुर्गापुर पश्चिम (277) में 11,582 और पांडाबेश्वर (275) में 10,105 विसंगति के मामले पाए गए हैं। जिले में सबसे कम विसंगतियां दुर्गापुर पूर्व (276) और बाराबनी (283) विधानसभा क्षेत्रों में देखी गई हैं, जहाँ क्रमशः 8,485 और 8,526 मामले दर्ज हुए हैं।


0 Comments