Holi को लेकर आसनसोल के हीरापुर और जामुड़िया थाना में शांति बैठक

आसनसोल/जामुड़िया :- रंगों के त्योहार होली को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने अभी से कमर कस ली है। इसी क्रम में कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में शांति समितियों की बैठकों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे। शनिवार को जामुड़िया थाना परिसर के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण शांति बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जामुड़िया थाने के प्रभारी (ओसी) सौमेंद्र नाथ सिंह ठाकुर ने की। इस अवसर पर आसनसोल नगर निगम के मेयर परिषद सदस्य सुब्रत अधिकारी सहित क्षेत्र के विभिन्न पुलिस चौकियों के प्रभारी—केंदा फाड़ी के मदन मोहन दत्त, चुरुलिया आउटपोस्ट के बुद्धदेव गायेन, श्रीपुर आईसी मेहराज अंसारी और जामुड़िया ट्रैफिक गार्ड के प्रभारी अनूप कुमार हाटी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, पार्षदों और समाज के अलग-अलग समुदायों के लोगों ने होली उत्सव को लेकर अपने विचार और सुझाव साझा किए।




दूसरी ओर, आसनसोल के हीरापुर थाने में भी होली के पर्व को ध्यान में रखते हुए एक समन्वय बैठक संपन्न हुई। हीरापुर थाना प्रभारी करतार सिंह की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में पुलिस अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस का पूर्ण सहयोग करें। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रंगों का यह उत्सव बिना किसी बाधा या विवाद के हर्षोल्लास के साथ मनाया जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हुड़दंगियों और शांति भंग करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

Post a Comment

0 Comments