जामुड़िया :- जामुड़िया औद्योगिक क्षेत्र के हजारों श्रमिकों के लिए बुधवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। क्षेत्र के भूत बांग्ला इलाके में राज्य के श्रम एवं कानून मंत्री मलय घटक और जामुड़िया के विधायक हरेराम सिंह ने संयुक्त रूप से एक नई ईएसआई (ESI) डिस्पेंसरी का उद्घाटन किया।
मंत्री मलय घटक ने कहा कि इस डिस्पेंसरी के चालू होने से अब इलाके के श्रमिकों को छोटी-मोटी बीमारियों, प्राथमिक उपचार या जरूरी दस्तावेजों के लिए आसनसोल या दुर्गापुर स्थित ईएसआई अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। भूत बांग्ला में नवनिर्मित इस केंद्र पर इंजेक्शन, प्राथमिक चिकित्सा के साथ-साथ 'सिक सर्टिफिकेट' सहित अन्य महत्वपूर्ण मेडिकल दस्तावेज स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगे। इसका मुख्य उद्देश्य जामुड़िया के कारखानों में कार्यरत श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के नजदीक ही सुलभ और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है।
उद्घाटन समारोह के दौरान ईएसआई अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा स्थानीय पंचायत सदस्य नत्थूनी दुसाध, ब्लॉक अध्यक्ष सिद्धार्थ राणा, सुब्रत अधिकारी और सुकुमार भट्टाचार्य समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। स्थानीय श्रमिकों ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है, क्योंकि इससे उनके समय और धन दोनों की बचत होगी।




0 Comments