रानीगंज :- आसनसोल नगर निगम के रानीगंज-2 नम्बर बोरो अंतर्गत वार्ड संख्या 35 के निवासियों ने पेयजल की भारी किल्लत के विरोध में रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जल संकट से त्रस्त ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग के सर्विस रोड पर स्थित व्यस्त मंगलपुर मोड़ इलाके में पथ अवरोध कर अपना विरोध दर्ज कराया। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण इस मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है, जिसके चलते प्रदर्शन के दौरान यातायात काफी समय तक बाधित रहा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मंगलपुर औद्योगिक क्षेत्र के निवासी पहले ही कारखानों से होने वाले वायु और ध्वनि प्रदूषण की मार झेल रहे हैं, ऐसे में पानी की समस्या ने उनके जीवन को और अधिक कष्टकारी बना दिया है। इलाके के तालाब और जलाशय सूख चुके हैं, वहीं सरकारी कुओं का जलस्तर भी काफी नीचे गिर गया है। एकमात्र सहारा सरकारी नल हैं, लेकिन उनमें भी पानी की आपूर्ति अनियमित होने के कारण लोगों को मीलों दूर जाकर पीने का पानी लाना पड़ता है। स्थिति इतनी विकट है कि स्थानीय लोगों को अपना दैनिक कामकाज छोड़कर घंटों पानी के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है।
सड़क जाम और हंगामे की खबर मिलते ही वार्ड पार्षद अख्तरी खातून और 2 नंबर बोरो चेयरमैन मोजम्मिल हुसैन शहजादा तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि तकनीकी खामियों को दूर कर जल्द ही जलापूर्ति सामान्य की जाएगी। अधिकारियों द्वारा ठोस समाधान के आश्वासन के बाद निवासियों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त किया और यातायात पुनः सामान्य हो सका। हालांकि, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की समस्या दूर नहीं हुई, तो वे और भी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।





0 Comments