पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल राय के निधन पर PM नरेंद्र मोदी और CM ममता बनर्जी ने जताया गहरा शोक

कोलकाता :- तृणमूल कांग्रेस के संस्थापक सदस्य और पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री मुकुल रॉय का सोमवार को निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे। वरिष्ठ नेता पिछले काफी समय से कई शारीरिक समस्याओं के कारण साल्टलेक के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। रविवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें अपना "पुराना राजनीतिक सहकर्मी और संघर्षों का साथी" बताया। 


मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मुकुल रॉय ने पार्टी की स्थापना के समय से ही अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था। उन्होंने मुकुल रॉय की सांगठनिक कुशलता की सराहना करते हुए कहा कि भले ही वह कुछ समय के लिए 'अलग रास्ते' (भाजपा) पर चले गए थे, लेकिन उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी उनके निधन पर शोक जताया और विधानसभा में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वहीं, विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और भाजपा विधायक दल की ओर से भी शोक संवेदनाएं व्यक्त की गई हैं। तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी और मुकुल रॉय का साथ 90 के दशक से था। 1997 में टीएमसी के गठन के समय मुकुल रॉय ही पार्टी के पहले अखिल भारतीय महासचिव बने थे। 2017 में वह भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद वे वापस अपनी पुरानी पार्टी में लौट आए थे।

Post a Comment

0 Comments