कोर्ट के बाद अब राज्य के कई Post office और Passport Office को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप


कोलकाता/आसनसोल :- पश्चिम बंगाल में अदालतों के बाद अब केंद्रीय संस्थानों को निशाना बनाने की धमकी भरी ईमेल से पूरे राज्य में सनसनी फैल गई है। गुरुवार को कोलकाता, आसनसोल सहित राज्य के विभिन्न जिलों के मुख्य डाकघरों (Head Post Offices) और पासपोर्ट कार्यालयों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी भरे संदेश में चेतावनी दी गई कि समय रहते कर्मचारियों को वहां से हटा लिया जाए, वरना भारी तबाही होगी। इस ईमेल के मिलते ही उत्तर में बालुरघाट और कूचबिहार से लेकर पश्चिम में कांथी, कटवा, नदिया, हावड़ा और आसनसोल तक के कार्यालयों में अफरा-तफरी मच गई। आसनसोल हेड पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट ऑफिस में भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल आने के बाद हलचल मच गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया। 


सुरक्षा के मद्देनजर आनन-फानन में सभी कार्यालयों को खाली करा लिया गया और काम के लिए आए आम लोगों को बाहर निकाल दिया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) ने मोर्चा संभाला और डॉग स्क्वाड की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि, अब तक कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एक साथ कई शहरों में ऐसी धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। पुलिस अब इस साइबर साजिश के पीछे के मुख्य आरोपी और ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments