SIR हियरिंग के लिए जा रही पत्नी और मासूम बच्चे की मौत, फिर भी हियरिंग में पहुंचा पति

मालदा :- पश्चिम बंगाल में चल रही एसआईआर सुनवाई की प्रक्रिया एक परिवार के लिए काल बन गई। मालदा के गजोले इलाके के निवासी और मदरसा शिक्षक मोहम्मद यासीन अंसारी की पत्नी हलीमा खातून और उनके नौ महीने के इकलौते बेटे आरिफ हसन की एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना तब घटी जब यासीन अपनी पत्नी और बच्चे के साथ सुनवाई में शामिल होने के लिए घर लौट रहे थे। इस त्रासदी ने पूरे जिले को झकझोर दिया है और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर लोगों में भारी रोष है। जानकारी के अनुसार, मतदाता सूची में नाम की वर्तनी गलत होने के कारण पति-पत्नी को शुक्रवार की सुनवाई के लिए बुलाया गया था। कालियाचक के सुजापुर से टोटो (ई-रिक्शा) द्वारा बस पकड़ने जा रहे थे, तभी सुस्थानी मोड़ के पास टोटो पलट गया। दुर्घटना में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मासूम ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। यासीन अंसारी ने अटूट कर्तव्यनिष्ठा और गहरे दुख के बीच अपनी पत्नी और बच्चे के शवों को मोर्चरी में रखवाकर सुनवाई केंद्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस घटना के बाद से एसआईआर सुनवाई की अनिवार्यता और व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments