West Bengal Assembly Election 2026 : रविवार से तैनात होंगी सेंट्रल फोर्स की 240 कंपनियां

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच निर्वाचन आयोग ने केंद्रीय बलों की तैनाती की प्रारंभिक रूपरेखा तैयार कर ली है। राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से आयोग आगामी रविवार (1 मार्च) से ही केंद्रीय बलों की तैनाती शुरू करने जा रहा है। प्रारंभिक चरण में राज्य के 23 जिलों के 35 पुलिस जिलों और कमिश्नरेट में कुल 240 कंपनी केंद्रीय बल तैनात किए जाएंगे। सबसे अधिक तैनाती उत्तर 24 परगना जिले में होगी, जहां तीन पुलिस जिलों और दो कमिश्नरेट को मिलाकर कुल 30 कंपनियां भेजी जा रही हैं। वहीं, कोलकाता में 12 कंपनियां सुरक्षा का मोर्चा संभालेंगी।

तैनाती की विस्तृत योजना के अनुसार, मुर्शिदाबाद में 16, हावड़ा और दक्षिण 24 परगना में 15-15, जबकि पूर्व मेदिनीपुर और हुगली में 14-14 कंपनियां तैनात की जाएंगी। इसके अलावा मालदा और नदिया में 12-12, उत्तर दिनाजपुर में 11 और दक्षिण दिनाजपुर में 10 कंपनियां भेजी जा रही हैं। दार्जिलिंग और सिलीगुड़ी को मिलाकर 9 कंपनियां और कूचबिहार में भी 9 कंपनियां तैनात होंगी। पूर्व वर्धमान में 8, जबकि पश्चिम बर्दवान, बांकुड़ा, बीरभूम, पश्चिम मेदिनीपुर और जलपाईगुड़ी में 7-7 कंपनियां मोर्चा संभालेंगी। पुरुलिया, झाड़ग्राम और अलीपुरद्वार में 5-5 तथा कलिम्पोंग में 3 कंपनियां तैनात की जाएंगी।

गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार, केंद्रीय बलों की प्रत्येक कंपनी में कम से कम 72 जवान तैनात रहेंगे। शुरुआती 240 कंपनियों में 110 कंपनी सीआरपीएफ (CRPF), 55 कंपनी बीएसएफ (BSF), 21 कंपनी सीआईएसएफ (CISF), 27 कंपनी आईटीबीपी (ITBP) और 27 कंपनी एसएसबी (SSB) के जवान शामिल हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि 10 मार्च तक राज्य में अतिरिक्त 240 कंपनियां और भेजी जाएंगी, जिससे कुल संख्या 480 तक पहुंच जाएगी। उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के ठीक अगले दिन से ही जवानों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। पिछले चुनाव में राज्य में कुल 1100 कंपनियां तैनात की गई थीं, जिसे देखते हुए इस बार भी चरणबद्ध तरीके से संख्या बढ़ाई जा सकती है।

Post a Comment

0 Comments