कोलकाता :- निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया के पहले चरण की अंतिम मतदाता सूची शनिवार को आधिकारिक तौर पर जारी कर दी है। इस नई सूची के अनुसार, राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 4 लाख 59 हजार 284 दर्ज की गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पुनरीक्षण के दौरान मसौदा सूची से 5 लाख 46 हजार 53 नामों को हटा दिया गया है, जबकि फॉर्म 6 और फॉर्म 8 के माध्यम से लगभग 1.88 लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। हालांकि, वर्तमान सूची में शामिल लगभग 60 लाख मतदाताओं के नाम अभी भी विचारधीन श्रेणी में हैं, जिन पर न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सूची में आगे और भी बदलाव होने की संभावना है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने स्वीकार किया कि इस विशाल प्रक्रिया के दौरान कुछ तकनीकी 'गलतियां' हुई हैं, जिन्हें आयोग ने चिह्नित कर सुधार लिया है। उन्होंने यह भी बताया कि जाधवपुर और बिधाननगर विधानसभा क्षेत्रों की सूची अपलोड करने में सॉफ्टवेयर संबंधी कुछ समस्याएं आई थीं। गौरतलब है कि इस प्रक्रिया के दौरान लगभग 1.42 करोड़ मतदाताओं को डेटा विसंगतियों और पिछले रिकॉर्ड से मिलान न होने के कारण सुनवाई के लिए बुलाया गया था। अब मतदाता अपना नाम और विवरण आयोग की वेबसाइट पर अपना एपिक नंबर डालकर ऑनलाइन देख सकते हैं। आयोग की यह कवायद आगामी चुनावों से पहले एक शुद्ध और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।


.jpeg)
0 Comments