कोलकाता/आसनसोल :- मंगलवार को पश्चिम बंगाल के कई न्यायालयों में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब न्यायाधीशों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए। कोलकाता के बैंकशाल कोर्ट से लेकर हुगली (चुंचुड़ा), मुर्शिदाबाद, आसनसोल और दुर्गापुर की अदालतों में 'आरडीएक्स' धमाके की धमकी मिलने के बाद आनन-फानन में परिसर खाली कराए गए। धमकी मिलते ही पुलिस प्रशासन और बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) सक्रिय हो गया। स्निफर डॉग्स और मेटल डिटेक्टर्स के जरिए चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। हालांकि, अब तक कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। इस घटनाक्रम पर राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और डीजीपी पीयूष पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया। कोलकाता पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार ने बताया कि साइबर सेल ई-मेल के स्रोत की जांच कर रही है। फिलहाल सभी कोर्ट परिसरों में भारी पुलिस बल तैनात है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
बताया जाता हैं कि हाल ही में दिल्ली की कई अदालतों में विस्फोट की धमकियों से हड़कंप मच गया था, जो बाद में महज अफवाह साबित हुईं। अब दिल्ली की तर्ज पर पश्चिम बंगाल की विभिन्न अदालतों को भी धमकी भरे ई-मेल मिले हैं। खबरों के मुताबिक, कोलकाता की बैंकशाल कोर्ट, चुंचुड़ा, दुर्गापुर, आसनसोल, बहरामपुर और कांथी की अदालतों में ये धमकी भरे मेल आए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित कोर्ट परिसरों को खाली करवा दिया गया और सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।




0 Comments