पूर्व बर्दवान :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की ड्यूटी के लिए राज्य में आए केंद्रीय बल (CRPF) के एक अधिकारी की अचानक मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान नगेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो बिहार के जमुई स्थित सीआरपीएफ की 215वीं बटालियन में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। वह मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के निवासी थे। बताया जाता हैं कि नगेंद्र सिंह अपनी टुकड़ी के साथ रविवार को ही पूर्व बर्दवान जिले के बर्दवान शहर पहुंचे थे, जहाँ उनके रहने की व्यवस्था की गई थी। रविवार शाम को कैंप में रहने के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें तुरंत बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्होंने दम तोड़ दिया। हालांकि उनकी मौत के सटीक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।पुलिस और विभाग मौत के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं। इस दुखद घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।

0 Comments